उमेशपाल हत्याकांडः पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामिया गिरफ्तार
बांदा/प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उमेश पाल हत्याकांड (Umesh Pal murder case) में गुरुवार को यूपी पुलिस ने एक और सफलता अर्जित की है। बुंदेलखंड के जनपद बांदा में हुई पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का कुख्यात इनामिया वहीद गिरफ्तार किया गया है। यह मुठभेड़ थाना मटौंध क्षेत्र में हुई है। बताते चलें कि गिरफ्त में आया वहीद, उमेश पाल हत्याकांड (Umeshpal murder) में पुलिस की गोली का शिकार हुए शूटर अरबाज का रिश्तेदार बताया जा रहा है। वहीद के तार माफिया अतीक अहमद से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। अतीक गैंग के शूटर गुड्डू मुस्लिम के बांदा जेल में रहने के दौरान वहीद लगातार उसके संपर्क में था।
यह जानकारी देते हुए एसपी बांदा ने बताया कि गुरुवार को मटौंध थाना क्षेत्र पूरागढ़ चौकी के त्रिवेणी पुल के नजदीक दोपहर में एक अभियुक्त वहीद से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। वहीद रंगदारी मांगने के मामले में वांछित चल रहा था। उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह मुठभेड़ त्रिवेणी पुल के समीप हुई है।
बताया जाता है कि आज मुखबिर की सूचना पर मटौंध थाना व एसओजी टीम ने जब त्रिवेणी पुल के नजदीक घेराबंदी की तो पुलिस के घिरे वहीद ने फायर खोल दिया। इसके जवाब में पुलिस ने कार्यवाही की और आरोपी को धर दबोचा। वहीद को दोनों पैर में गोली लगी है। उसे घायलावस्था में नजदीक के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। अभियुक्त के पास से 315 बोर का तमंचा मिला है। पुलिस उसका आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। वहीद के खिलाफ थाना कोतवाली में तीन मामले दर्ज हैं।


