विजय मिश्र की 10.65 करोड़ की अचल संपत्ति कुर्क, प्रयागराज में है कुर्क की गई 23 बीघा जमीन
भदोही (कृष्ण कुमार द्विवेदी). बाहुबली पूर्व विधायक विजय मिश्र के खिलाफ कार्रवाइयों का सिलसिला अनवरत जारी है। धनतेरस के दिन विजय मिश्र की लगभग 23 बीघा भूमि कुर्क की गई। इस अचल संपत्ति की कीमत 10.65 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह जमीन प्रयागराज जनपद के यमुनापार में स्थित मेजा तहसील में है। आरोपित है कि विजय मिश्र ने लोगों को डरा-धमकाकर अपने पारिवारिक सदस्यों के नाम पर बैनामा करवाया था।
यह भी पढ़ेंः पटाखा बाजार पहुंचे जिलाधिकारी और एसपी, सुरक्षा का लिया जायजा
कुर्की की यह कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर धारा-14(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत की गई। एसपी डा. अनिल कुमार ने बताया कि कुर्क की गई आराजी मौजा चांद खमरियां (मेजा, प्रयागराज) में गाटा संख्या 412, क्षेत्रफल 2.88500 (12 बीघा, 12 विश्वा, 01 धूर) और गाटा संख्या 410, क्षेत्रफल 2.7330 हेक्टेयर (11 बीघा, 19 विश्वा, 06 धूर) भूमि सतीश मिश्र, दुर्गेश देवी, भतीजा आशीष मिश्र, राहुल मिश्र एवं अमित मिश्र के नाम पर बैनामा करवाई गई थी। एसपी ने बताया कि बाहुबली विजय मिश्र ने लोगों को डरा-धमकाकर उक्त संपत्तियों का बैनामा अपने भतीजों व भाभी के नाम पर करवाया था।
यह भी पढ़ेंः कांटे की टक्कर में संभल बाल विद्या मंदिर ने जीती चैंपियनशिप ट्राफी
प्रयागराज जनपद के मेजा तहसील में स्थित उक्त जमीन की मौजूदा बाजारू कीमत ₹10,65,75,000 (दस करोड़, पैसठ लाख, पचहत्तर हजार रूपये) रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार ने बताया कि पेशेवर अपराधियों के विरूद्ध की जा रही कार्रवाई के क्रम में विजय मिश्र की अचल संपत्ति कुर्क की गई है। विजय मिश्र के खिलाफ गंभीर धाराओं वाले कुल 85 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

