सपा के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह का सरेंडर, पुलिस को नहीं लगी भनक

The live ink desk. उत्तर प्रदेश के झांसी जिले की गरौठा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव ने गुरुवार सुबह न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। खास बात यह रही कि वह फिल्मी अंदाज में पुलिस को चकमा देकर कोर्ट पहुंचे और उनके सरेंडर की भनक पुलिस को पहले से नहीं लग सकी। पूर्व विधायक लूट और रंगदारी के मामले में 27 दिन से फरार चल रहे थे।
बताया जा रहा है कि न्यायालय खुलने से पहले ही दीपनारायण सिंह यादव परिसर में पहुंच गए थे और जैसे ही अदालत की कार्यवाही शुरू हुई, उन्होंने सीधे न्यायाधीश के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में एसएसपी बीबीजीटस मूर्ति ने उनके सरेंडर की पुष्टि की।
20 करोड़ से अधिक की कुर्की
गौरतलब है कि इससे पहले 13 दिसंबर को जिला प्रशासन और पुलिस ने पूर्व विधायक की 20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की तीन संपत्तियां कुर्क की थीं। इनमें कुरगुआंजी स्थित प्लॉट, भगवंतपुरा क्षेत्र में ‘मून सिटी’ की जमीन, बनगुआ गांव की कृषि भूमि शामिल है।
कुर्की की कार्रवाई गैंगस्टर एक्ट के तहत जिलाधिकारी के आदेश पर की गई थी। पुलिस ने इससे पहले उनके मकान पर कुर्की का नोटिस भी चस्पा किया था।
65 से अधिक मुकदमे दर्ज
पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह यादव के खिलाफ आपराधिक मामलों की लंबी सूची है। जानकारी के अनुसार, उन पर करीब 65 मुकदमे दर्ज हैं। हाल के दिनों में मोंठ थाना क्षेत्र में साथियों के साथ मिलकर लूट और रंगदारी का मामला दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश में दबिश दे रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का बयान
इस संबंध में एसएसपी बीबीजीटस मूर्ति ने बताया कि मोंठ थाने में दर्ज लूट और रंगदारी के मामले में पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। गुरुवार को उन्होंने स्वयं न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। आगे की विधिक कार्रवाई न्यायालय के निर्देशानुसार की जाएगी।

