ताज़ा खबरभारत

अंगीठी जलाकर सो गया परिवार, तीन बच्चों समेत चार की मौत

The live ink desk. कड़ाके की ठंड से बचने का प्रयास छपरा में एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ। भगवान बाजार थाना क्षेत्र की अंबिका कॉलोनी में अंगीठी के धुएं से दम घुटने के कारण एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चों और उनकी दादी ने अपनी जान गंवा दी, जबकि तीन अन्य परिजन गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं।

परिजनों के अनुसार, ठंड अधिक होने के कारण परिवार के सभी सदस्य शुक्रवार रात एक ही कमरे में अंगीठी जलाकर सो गए थे। कमरे के दरवाजे और खिड़कियां बंद थीं, जिससे ऑक्सीजन की कमी हो गई और जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस भर गई। इसका असर रात में ही सभी पर पड़ा।

सुबह जब परिवार के एक सदस्य की आंख खुली और उसने बाकी लोगों को न उठते देखा तो शोर मचाया गया। आसपास के लोग पहुंचे और सभी को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे में तेजाश (3), अध्याय (4), गुड़िया (7 माह) और कमलावती देवी (70) की मौत हो गई। वहीं अमित कुमार, अमीषा और एक अन्य परिजन की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज सदर अस्पताल में जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी डॉ. कुमार आशीष, एएसपी राम पुकार सिंह, भगवान बाजार और टाउन थाना के प्रभारी दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि किसी अन्य पहलू की भी पुष्टि की जा सके।

घटना के बाद प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सर्दी के मौसम में बंद कमरों के भीतर अंगीठी या कोयले का उपयोग न करें। यदि मजबूरी में अंगीठी जलानी पड़े, तो कमरे में पर्याप्त वेंटिलेशन और खिड़कियां खुली रखें, ताकि जानलेवा गैस बाहर निकल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button