अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलपूर्वांचलबुंदेलखंडराज्य

UP Police: नये साल पर योगी सरकार की सौगात, 32,679 पदों पर होगी भर्ती

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). वर्ष के अंतिम दिन उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती–2025 के अंतर्गत 32,679 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी है। बोर्ड ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से साझा की, जिसके बाद अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है।

भर्ती बोर्ड के अनुसार इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 31 दिसम्बर 2025 से 30 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी और किसी भी प्रकार का ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि आवेदन से पूर्व वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) कराना अनिवार्य है। ओटीआर के बिना किए गए आवेदन मान्य नहीं होंगे।

भर्ती बोर्ड का कहना है कि ओटीआर प्रणाली का उद्देश्य आवेदन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और सुचारू बनाना है, जिससे अभ्यर्थियों को बार-बार व्यक्तिगत जानकारी भरने की आवश्यकता न पड़े। एक बार पंजीकरण के बाद अभ्यर्थी भविष्य की भर्तियों में भी इसका उपयोग कर सकेंगे।

ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन से संबंधित सभी दिशा-निर्देश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर उपलब्ध कराए गए हैं। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पूर्व पात्रता शर्तों, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता और चयन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

पुलिस विभाग में इतनी बड़ी संख्या में भर्ती को प्रदेश सरकार के उस प्रयास के रूप में देखा जा रहा है, जिसके तहत युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ पुलिस बल को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की घोषणा से प्रदेश भर के लाखों अभ्यर्थियों को नई उम्मीद मिली है और पुलिस सेवा में जाने की तैयारी कर रहे युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button