उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलराज्य

फरीदपुर के BJP MLA डॉ. श्याम बिहारी लाल का हार्ट अटैक से निधन

सर्किट हाउस में बैठक के दौरान बिगड़ी तबियत, अस्पताल में तोड़ा दम

लखनऊ (विजय मिश्र). उत्तर प्रदेश की फरीदपुर विधानसभा सीट (बरेली जनपद) से भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को आकस्मिक निधन हो गया। बरेली स्थित सर्किट हाउस में एक सरकारी बैठक के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर सर्किट हाउस में राज्य के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में एसआईआर से संबंधित बैठक चल रही थी। इसी दौरान डॉ. श्याम बिहारी लाल को अचानक सीने में तेज और असहनीय दर्द महसूस हुआ। उनकी हालत बिगड़ते ही बैठक स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। अधिकारी और सहयोगी उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।

राजनीति और शिक्षा जगत में शोक

मेडिसिटी अस्पताल में चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया। सीपीआर सहित सभी आवश्यक चिकित्सकीय प्रयास किए गए, लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। अस्पताल के चिकित्सकों ने हार्ट अटैक से निधन की पुष्टि की है।

डॉ. श्याम बिहारी लाल फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर लगातार दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे। इसके साथ ही वे महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में लंबे समय तक सेवाएं दे चुके थे। शिक्षाविद् और जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी अलग पहचान रही है। उनके निधन से भाजपा संगठन, विश्वविद्यालय परिवार और क्षेत्रीय जनता में गहरा शोक व्याप्त है।

जन्मदिन के अगले दिन हुआ निधन

दुखद संयोग यह रहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल ने एक दिन पहले ही अपना जन्मदिन मनाया था। उनके अचानक निधन की खबर से समर्थकों और शुभचिंतकों में गम और स्तब्धता का माहौल है।

डॉ. श्याम बिहारी लाल अपने पीछे पत्नी मंजूलता, दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। उनकी एक पुत्री बरेली में रक्षा संपदा अधिकारी के पद पर तैनात हैं। परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रदेश के कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button