घने कोहरे ने कराया भीषण हादसा, दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर टकराए 20 वाहन

लखनऊ (विजय मिश्र). उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण दिल्ली–लखनऊ नेशनल हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। फरीदपुर क्षेत्र में शुगर मिल के समीप एक के बाद एक करीब 20 वाहन आपस में टकरा गए, जिससे 24 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों दिशाओं में लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह लगभग आठ बजे दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान पहले एक रोडवेज बस आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। अचानक हुए इस टकराव के बाद पीछे से आ रहे वाहन भी एक-दूसरे से भिड़ते चले गए और कुछ ही देर में दुर्घटनाओं की श्रृंखला बन गई।

इस हादसे में तीन रोडवेज बसें, एक ट्रक, एक डीसीएम और कई कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। एक डीसीएम अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे लगे पेड़ों में जा घुसी। गोरखपुर से मेरठ जा रही रोडवेज बस के चालक अतर सिंह वाहन में फंस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
बरेली डिपो की एक बस में सवार परिवार के बच्चों सहित कई यात्रियों को चोटें आईं। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और राहत कार्य शुरू कराया।
फरीदपुर के इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि अधिकांश घायलों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों का उपचार अस्पताल में जारी है। लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात को आंशिक रूप से बहाल किया गया।



One Comment