अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

चतुर्दिक विकास कर रहा हमारा उत्तर प्रदेशः दयाशंकर सिंह

प्रतापगढ़ में “उत्तर प्रदेश दिवस-2026” समारोह का आयोजन

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). तुलसीसदन (हादीहाल) में आयोजित तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस-2026 समारोह का शुभारंभ राज्यमंत्री परिवहन एवं जनपद प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन और माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेटों ने मंत्रियों का बैण्ड-बाजा के साथ भव्य स्वागत किया और मार्च पास्ट की सलामी दी।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टाल लगाए गए, जिनका प्रभारी मंत्री और अन्य अतिथियों ने अवलोकन किया। कार्यक्रम में विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समारोह का सजीव प्रसारण गृह मंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल बसंत कुंज से किया गया। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक DRDA दयाराम ने अतिथियों का स्वागत किया और कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। कर्मचारियों, लाभार्थियों, ग्राम प्रधान और उद्यमियों को सम्मानित किया गया।

प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश की स्थापना 24 जनवरी 1950 को हुई थी। उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और आर्थिक उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश हर क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है, चाहे वह उद्योग, बुनियादी ढांचा, शिक्षा या स्वास्थ्य क्षेत्र हो। उन्होंने स्थानीय विकास की मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन भी दिया।

विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश और देश विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर हैं और योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंच रहा है।

गौरवशाली इतिहास, विरासत पर डाली रोशनी

जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश ऐतिहासिक, पौराणिक और पुरातात्विक दृष्टि से अत्यंत समृद्ध प्रदेश है। गंगा, यमुना और सरस्वती का त्रिवेणी संगम, भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की जन्मभूमि और विश्व की सबसे प्राचीन नगरी काशी इसी प्रदेश में स्थित हैं।

उत्तर प्रदेश दिवस-2026 समारोह का उद्देश्य प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर और विकास की गाथा को उजागर करना, नागरिकों में गर्व की भावना उत्पन्न करना और विकास कार्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button