शंकरगढ़ में व्यापारियों ने निकाला कैंडल मार्च, अपहृत मासूम की हत्या पर जताया रोष

प्रयागराज/चित्रकूट (आलोक गुप्ता). चित्रकूट जिले के बरगढ़ थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय आयुष की नृशंस हत्या की घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में गहरा शोक और तीव्र आक्रोश व्याप्त है। इस हृदय विदारक वारदात ने आमजन को झकझोर कर रख दिया है। शंकरगढ़ नगर पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों में घटना को लेकर लोगों में गुस्सा और पीड़ा स्पष्ट रूप से देखी जा रही है।
घटना के विरोध में शंकरगढ़ के व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने एकजुट होकर कैंडल मार्च निकालते हुए मृतक बच्चे को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शांतिपूर्ण ढंग से निकाला गया यह कैंडल मार्च नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। हाथों में मोमबत्तियां लेकर लोगों ने मौन रखकर अपना विरोध दर्ज कराया और मासूम को न्याय दिलाने की मांग की।
कैंडल मार्च के दौरान उपस्थित लोगों ने एक स्वर में दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि इस तरह की अमानवीय घटनाएं समाज को कलंकित करती हैं और ऐसे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष, त्वरित और प्रभावी जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।
पूरे नगर में इस घटना को लेकर शोक की लहर है। लोग पीड़ित परिवार के दर्द में सहभागी बनते हुए गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मासूम की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमजन ने प्रशासन से कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
नगरवासियों का कहना है कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है और हर आंख नम है।

