The live ink desk. नेपाल की राजधानी काठमांडू में मौसम के अचानक बिगड़ने से हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। लगातार तेज बारिश और घटी दृश्यता के चलते काठमांडू आने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भारत के विभिन्न शहरों की ओर मोड़ना पड़ा।
त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर दृश्यता सुरक्षित सीमा से नीचे चली जाने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने एहतियातन विमानों को डायवर्ट करने का फैसला लिया। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार अब तक चार विमानों को भारत के अलग-अलग हवाई अड्डों पर उतारा गया है।
विमानस्थल प्रशासन के प्रवक्ता तेज बहादुर पौडेल ने बताया कि खराब मौसम के चलते लैंडिंग संभव नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली से काठमांडू आ रहे एयर इंडिया और इंडिगो के विमानों को वाराणसी भेजा गया है। वहीं चीन के लहासा से आ रहा हिमालयन एयरलाइंस का विमान और कतर से काठमांडू पहुंचने वाला कतर एयरवेज का विमान लखनऊ में उतारे गए।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि मौसम की स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो आने वाले एक घंटे में और भी विमानों को डायवर्ट किया जा सकता है। खराब मौसम के कारण यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जबकि एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रबंधन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।



