अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

जिला व्यापार बंधु की बैठकः व्यापारियों की समस्याओं पर प्रशासन सख्त

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). जनपद के व्यापारियों से जुड़े मुद्दों के समाधान को लेकर गुरुवार, 29 जनवरी 2026 को जिला कलेक्ट्रेट स्थित संगम सभागार में जिला व्यापार बंधु की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर व ग्रामीण अंचलों के विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता सिटी मजिस्ट्रेट प्रयागराज विनोद कुमार सिंह ने की।

बैठक के दौरान पिछली व्यापार बंधु बैठक में व्यापारियों द्वारा रखी गई समस्याओं और शिकायतों पर अब तक हुई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। जिन मामलों में व्यापारी प्रतिनिधि विभागीय कार्रवाई से संतुष्ट पाए गए, उन्हें आपसी सहमति से समाप्त कर दिया गया।

कोतवाली के समीप गली में सुलभ शौचालय निर्माण तथा नुरुल्लाह रोड स्थित शिव मंदिर के पास साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम द्वारा किए गए कार्यों पर व्यापारियों ने संतोष व्यक्त किया। इसी क्रम में सोरांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पोखराज बाईपास टोल प्लाजा से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण की जानकारी भी साझा की गई।

हालांकि दहियावां रोड बाजार क्षेत्र में सड़क पर जलभराव की समस्या को लेकर की गई कार्रवाई को व्यापारियों ने अपर्याप्त बताया। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने उप जिलाधिकारी सोरांव को निर्देशित किया कि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के अंत में नगर निगम, प्रयागराज विकास प्राधिकरण और पुलिस कमिश्नरेट समेत सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि व्यापारियों से जुड़े मामलों का त्वरित, प्रभावी और समन्वित निस्तारण किया जाए, ताकि व्यापारिक गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button