ताज़ा खबरभारतसंसार

सिंगापुर एयर शो 2026:‘ध्रुव’ और सारंग टीम ने बिखेरा स्वदेशी शक्ति का रंग

नई दिल्ली. एशिया के सबसे प्रतिष्ठित विमानन एवं रक्षा प्रदर्शनों में शुमार सिंगापुर एयर शो 2026 में भारतीय वायुसेना ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर वायुसेना स्वदेशी तकनीक से विकसित एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ के साथ हिस्सा ले रही है, जबकि प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने रोमांचक एरोबैटिक करतबों से दर्शकों को आकर्षित कर रही है।

सारंग टीम की सटीक उड़ान, करीबी फॉर्मेशन में संतुलित संचालन और अनुशासित हवाई कौशल ने ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टर की बहुआयामी क्षमता, फुर्ती और भरोसेमंद संचालन को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। यह प्रदर्शन इस स्वदेशी हेलीकॉप्टर की सैन्य, मानवीय और बहुउद्देशीय परिचालन भूमिकाओं में उपयोगिता को रेखांकित करता है।

03 से 08 फरवरी, 2026 तक चांगी एग्जीबिशन सेंटर में आयोजित सिंगापुर एयर शो, हिंद-प्रशांत क्षेत्र का प्रमुख द्विवार्षिक एयरोस्पेस और रक्षा आयोजन है। इस मंच पर दुनियाभर की वायु सेनाएं, रक्षा उद्योग की दिग्गज कंपनियां और विमानन विशेषज्ञ एकत्र होकर नवीन तकनीकों, रणनीतिक सहयोग और भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। एयर शो के दौरान अत्याधुनिक सैन्य और नागरिक विमानन प्लेटफॉर्म का भी व्यापक प्रदर्शन किया जा रहा है।

इस वर्ष के एयर शो में सारंग टीम के अलावा तीन अन्य अंतरराष्ट्रीय एरोबैटिक टीमें भी हिस्सा ले रही हैं, जबकि कुल 37 विमानों का स्टैटिक और फ्लाइंग डिस्प्ले दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

वर्ष 2005 में गठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम पांच एएलएच ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों से सुसज्जित है। यह टीम पहले भी सिंगापुर एयर शो, एमएकेएस इंटरनेशनल एयर शो (रूस), दुबई एयर शो और बहरीन इंटरनेशनल एयर शो जैसे वैश्विक आयोजनों में अपनी दक्षता का लोहा मनवा चुकी है। अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनों के साथ-साथ सारंग टीम देश के भीतर आयोजित कार्यक्रमों में भी नियमित रूप से प्रदर्शन करती रही है और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत अभियानों में अहम भूमिका निभाती आई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button