प्रयागराज में युवक पर फायरिंग, एक संदिग्ध से पूछताछ

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में करेली थाना क्षेत्र के नयापूरा मोहल्ले में शुक्रवार देर रात गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। नूर कैफे चौराहे के पास अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए फायर किया और मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक अमित कुशवाहा (40) को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार गोली उसके बाएं हाथ में लगी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले दो व्यक्तियों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद फायरिंग की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

