अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

लालगंज में दो सड़क दुर्घटनाएं, एक की मौत, सात घायल

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). लालगंज कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को हुए दो सड़क हादसों में एक की मौत हो गई, जबकि सात घायल हो गए। यह हादसे वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर हुए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहला हादसा लखनऊ–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर लालगंज कोतवाली क्षेत्र में हुआ। यहां रानीगंज की ओर से आ रहे मैजिक डाला और महिंद्रा पिकअप के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर हो गई। अगई गांव के पास हुई इस दुर्घटना में पिकअप चालक पवन कुमार दुबे (35), निवासी रामपुर कसिहा, थाना उदयपुर, की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

हादसे में मैजिक डाला चालक विश्वनाथ यादव सहित शिव प्रकाश और राम प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को पहले लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया।

दूसरी घटना रानीगंज के समीप स्थित अर्जुनपुर के पास की है। रानीगंज की ओर से आ रहे एक ई-रिक्शा को पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इस हादसे में अजीजून पत्नी रशीद, बिटटन पत्नी निहाल (दोनों निवासी कसिहा रामपुर), अभियुदय सिंह पुत्र उमेश सिंह तथा ई-रिक्शा चालक मनोज मिश्रा घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। लालगंज कोतवाल आलोक कुमार ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जबकि फरार डंपर चालक की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button