इवेंटउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरभारतराज्य

भारत में बड़ा हुआ चीतों का कुनबाः बोत्सवाना से नौ और आए

कूनो नेशनल पार्क में 48 हुई कुल चीतों की संख्या

श्योपुर. मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में शनिवार को बोत्सवाना से लाए गए नौ चीतों को सुरक्षित पहुंचाया गया। इन चीतों के आगमन के साथ देश में चल रहे चीता पुनर्वास कार्यक्रम के तहत कुल संख्या बढ़कर 48 हो गई है। यह चरण भारत में विलुप्त हो चुके चीता प्रजाति के पुनर्स्थापन के प्रयासों का हिस्सा है।

राज्य के अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) एल. कृष्णमूर्ति के अनुसार, केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव की उपस्थिति में छह मादा और तीन नर चीतों को निर्धारित बाड़ों में पृथकवास (क्वारंटीन) के लिए छोड़ा गया। निर्धारित अवधि तक इनका स्वास्थ्य परीक्षण, अनुकूलन व्यवहार और निगरानी की जाएगी, जिसके बाद चरणबद्ध तरीके से इन्हें बड़े परिक्षेत्र में छोड़ा जाएगा।

जिला जनसंपर्क अधिकारी अवंतिका श्रीवास्तव ने बताया कि यह अफ्रीका से लाया गया तीसरा समूह है। सभी चीते भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से ग्वालियर लाए गए, जहां से हेलीकॉप्टरों के माध्यम से उन्हें कूनो पहुंचाया गया। इससे पूर्व सितंबर 2022 में नामीबिया तथा फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से भी चीतों को इसी प्रक्रिया के तहत भारत लाया गया था।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों के लिए अनुकूल आवास, पर्याप्त शिकार आधार और सतत निगरानी तंत्र विकसित किया गया है, ताकि दीर्घकालिक संरक्षण और प्रजनन कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button