बीएल पब्लिक इंटर कॉलेज में बच्चों ने खेली होली, खूब उड़े अबीर-गुलाल
प्रयागराज (श्याम प्रकाश सिंह). घूरपुर क्षेत्र के पूरेखगन स्थित बी.एल. पब्लिक इंटर कॉलेज परिसर में सोमवार को होली महोत्सव का आयोजन उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने सहभागिता करते हुए पारंपरिक ढंग से पर्व मनाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण शंकर तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए होली के सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से पर्व मनाने की सलाह देते हुए प्राकृतिक रंगों के उपयोग पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे के मस्तक पर अबीर-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने भी परस्पर टीका लगाकर और गले मिलकर उत्सव की खुशी साझा की। विद्यालय परिसर में सौहार्द और पारस्परिक सम्मान का वातावरण देखने को मिला।
विद्यालय के प्रबंधक नागेंद्र कुमार सिंह ने समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए मिठाई वितरित की।

