ताज़ा खबरसंसार

खामेनेई के सिद्धांतों पर आगे बढ़ेगा ईरान, जवाब देना हमारा अधिकारः पेजेश्कियन

The live ink desk. ईरान में सत्ता परिवर्तन और क्षेत्रीय तनाव के बीच नवनिर्वाचित राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन (Masoud Pezeshkian) ने पहली बार राष्ट्र को संबोधित करते हुए कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि देश के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मृत्यु को ईरान के खिलाफ खुली आक्रामकता के रूप में देखा जा रहा है और इसके लिए जिम्मेदार तत्वों को जवाब देना ईरान का “अधिकार” है।

अपने संदेश में राष्ट्रपति Masoud Pezeshkian ने कहा कि सशस्त्र बलों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और वे राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में आगे की रणनीति पर काम कर रहे हैं। उन्होंने खामेनेई को “शहीद” बताते हुए कहा कि देश उनकी नीतियों और सिद्धांतों के अनुरूप आगे बढ़ेगा।

राष्ट्रपति ने संक्रमण काल के लिए एक नई नेतृत्व परिषद के गठन की पुष्टि भी की। उनके अनुसार यह परिषद प्रशासनिक और रणनीतिक निर्णयों की निगरानी करेगी, ताकि शासन व्यवस्था सुचारु बनी रहे। उन्होंने नागरिकों से संयम और एकजुटता बनाए रखने की अपील की।

इसी बीच ईरान की ओर से खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों तथा इराकी कुर्दिस्तान के कुछ क्षेत्रों में कार्रवाई की घोषणा की गई है। ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रमुख अली लारिजानी ने कहा कि हमले के लिए जिम्मेदार पक्षों को “कठोर जवाब” दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि पेज़ेश्कियन (Masoud Pezeshkian) वर्ष 2024 में सुधारवादी उम्मीदवार के रूप में निर्वाचित हुए थे। सितंबर 2024 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने पहले संबोधन में उन्होंने राष्ट्रीय एकता और वैश्विक स्तर पर रचनात्मक संवाद की आवश्यकता पर बल दिया था तथा परमाणु हथियारों की होड़ से दूरी बनाए रखने की बात कही थी।

हालिया संबोधन में उनका रुख पहले की अपेक्षा अधिक कठोर दिखाई दिया है। क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव और नेतृत्व परिवर्तन की पृष्ठभूमि में ईरान ने संकेत दिया है कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में निर्णायक रुख अपनाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button