अपराध समाचारउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलराज्य

सास-साले की हत्या करने वाला Police Encounter में ढेर, दो सिपाही घायल

लखनऊ (विजय मिश्र). उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित गांव रहपुरा चौधरी में सास और साले की निर्मम हत्या कर फरार चल रहे आरोपित का मंगलवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ में अंत कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान दो सिपाही घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल भेजकर उपचार कराया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य के अनुसार, सोमवार को रहपुरा चौधरी गांव में पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। इसी दौरान आरोपित अफसर खां उर्फ बौरा ने अचानक आक्रामक रुख अपनाते हुए अपनी सास आसमां (50) और साले आदिल (22) पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी सायमा (30) भी गंभीर रूप से घायल हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसकी गिरफ्तारी के लिए तत्काल तीन टीमों का गठन किया और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में मंगलवार सुबह सूचना मिली कि आरोपित अफसर उर्फ बौरा सहारा ग्राउंड के पास देखा गया है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपित ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपित घायल होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक पिस्टल, कारतूस और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। इस दौरान हुई फायरिंग में सिपाही अनुराग और रूपेंद्र घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि आरोपित का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2009 में सगे मामा की हत्या के मामले में उसे उम्रकैद की सजा हुई थी। जमानत पर बाहर आने के बाद वर्ष 2017 में उसने अपनी चचेरी बहन सायमा (30) से प्रेम विवाह किया था। उसके दो बच्चे फैज (8) और आइशा (5) हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button