अपराध समाचारउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपूर्वांचलराज्य

सरेराह भाजपा नेता की हत्या, शरीर निष्क्रिय होने तक करते रहे चाकू से हमला

आक्रोशित समर्थकों ने सोनौली मार्ग पर लगाया जाम, एफआईआर दर्ज

गोरखपुर. शहर के चिलुआताल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब वार्ड नंबर 14 बरगदवा में भाजपा नेता राजकुमार चौहान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए परिजनों व समर्थकों ने सोनौली मार्ग जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

पीछा कर हमलावरों ने ले ली जान

पुलिस के अनुसार, राजकुमार चौहान रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए चार हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा कर दोबारा हमला कर दिया।

सिर, हाथ और सीने पर किया प्रहार

इस दौरान उनके सीने, सिर और हाथ पर कई वार किए गए। हमलावर तब तक मौके पर डटे रहे, जब तक उन्हें यह यकीन नहीं हो गया कि चौहान की मौत हो चुकी है। इसके बाद वे फरार हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावर अपनी गाड़ी कुछ दूरी पर खड़ी कर पैदल घटनास्थल तक पहुंचे थे।

सड़क जुटे समर्थक, लगाया चक्काजाम

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हत्या की खबर फैलते ही करीब दो सौ लोग मौके पर जुट गए और सड़क जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर भेजी गई। एडीजी और एसएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।

सात नामजद आरोपी पुलिस कस्टडी में

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सात नामजद आरोपितों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि राजकुमार चौहान आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में सक्रिय थे और राज्यसभा सांसद राधा मोहन अग्रवाल के करीबी माने जाते थे। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button