TRRAIN Trust: दिव्यांगजन रोजगार मेला व एलुमनी मीट में कंपनियों ने लिए साक्षात्कार

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). विकास भवन के सरस सभागार में दिव्यांग सशक्तिकरण और आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से TRRAIN Trust द्वारा रोजगार मेला एवं एलुमनी मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि पूर्व मंडलायुक्त डॉ. आर. एस. वर्मा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिथियों का स्वागत TRRAIN Trust के क्षेत्रीय प्रबंधक सागर लिटिल ने किया। अपने संबोधन में हर्षिका सिंह ने कहा कि दिव्यांगजन सही मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प के बल पर हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं। डॉ. आर. एस. वर्मा ने एडविन केरब्स और अरुणिमा सिन्हा के उदाहरण देते हुए आत्मनिर्भरता पर जोर दिया।
इस अवसर पर सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी बृजेश मौर्य, अपराध निरोधक समिति के सचिव एवं जेल पर्यवेक्षक संतोष कुमार श्रीवास्तव, मोहम्मद फुरकान, विपिन कुमार कुशवाहा ने भी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
संस्था की ओर से जानकारी दी गई कि “पंख प्रोजेक्ट” के तहत दिव्यांग युवाओं को 45 दिवसीय निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाता है। रुमाना प्रवीन ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद युवाओं को रिटेल सेक्टर में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।
रोजगार मेले में Amazon, BigBasket, Blinkit, PSN Pvt. Ltd. और Cyfuture Pvt. Ltd. सहित कई कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों के साक्षात्कार लिए। कार्यक्रम का संचालन संजय यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विपिन कुमार कुशवाहा ने किया।



