
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को इस्लामिक गणराज्य ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेज़ेश्कियन से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय हालात और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेज़ेश्कियन को ईद और नवरोज़ के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि यह त्योहारी समय पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि लेकर आएगा। दोनों नेताओं ने भी क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बनने की उम्मीद व्यक्त की।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने हाल में क्षेत्र के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल क्षेत्रीय स्थिरता को प्रभावित करती हैं, बल्कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं के लिए भी खतरा पैदा करती हैं।
प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा और नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि वैश्विक व्यापार के सुचारू संचालन के लिए शिपिंग मार्गों का सुरक्षित और खुला रहना अत्यंत जरूरी है।
इसके साथ ही उन्होंने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और संरक्षा सुनिश्चित करने में ईरान सरकार के निरंतर सहयोग की सराहना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर भी इस बातचीत की जानकारी साझा करते हुए क्षेत्र में शांति और स्थिरता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।





One Comment