
The live ink desk. पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) ने दक्षिणी लेबनान में बड़ी कार्रवाई का दावा किया है। सेना के मुताबिक, हालिया हवाई हमले में हिज्बुल्लाह के ‘रदवान फोर्स’ के विशेष अभियान कमांडर अबू खलील बरजी को मार गिराया गया है। इस दावे के बाद क्षेत्र में तनाव और भड़कने की आशंका जताई जा रही है।
तुर्किये की समाचार एजेंसी अनाडोलू एजेंसी के अनुसार, आईडीएफ ने रविवार को कहा कि दक्षिणी लेबनान के मजदल सेलम इलाके में किए गए हवाई हमले में बरजी के साथ दो अन्य लड़ाके भी मारे गए। इजरायली सेना का दावा है कि बरजी ‘रदवान फोर्स’ की स्पेशल ऑपरेशन यूनिट का नेतृत्व कर रहा था और सीमा पार हमलों की योजना में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
आईडीएफ के अनुसार, ‘रदवान फोर्स’ लंबे समय से इजराइल के खिलाफ हमलों की साजिश रचने और उन्हें अंजाम देने में शामिल रही है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर अभी तक हिज्बुल्लाह की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इधर, इजराइल ने लेबनान में अपने सैन्य अभियान को और तेज कर दिया है। 2 मार्च को सीमा पार हुए हमले के बाद से दोनों पक्षों के बीच टकराव लगातार बढ़ रहा है और हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं।
वहीं, लेबनान के अधिकारियों का कहना है कि 2 मार्च के बाद से इजरायली हमलों में 1,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोग घायल हुए हैं।

