बढ़ाया मानः RPF इंस्पेक्टर शिवकुमार सिंह को ‘अति विशिष्ट रेल सेवा पदक’

प्रयागराज (सुनील गिरि). उत्तर मध्य रेलवे ने कानून-व्यवस्था और यात्री सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले आरपीएफ इंस्पेक्टर शिवकुमार सिंह को ‘अति विशिष्ट रेल सेवा पदक’ से सम्मानित किया है। प्रयागराज में आयोजित एक समारोह में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
यह सम्मान वर्ष 2024-25 के दौरान प्रयागराज जंक्शन पर उनकी तैनाती के समय किए गए उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर दिया गया। वर्तमान में शिवकुमार सिंह आरपीएफ क्राइम ब्रांच में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। सम्मान समारोह में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह, अपर महाप्रबंधक जे.एस. लकड़ा, आईजी आरपीएफ प्रदीप कुमार गुप्ता और प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी मुदित चंद्र ने उन्हें अलंकृत किया।
प्रयागराज जंक्शन पर तैनाती के दौरान इंस्पेक्टर शिवकुमार सिंह ने कई महत्वपूर्ण मामलों का सफल खुलासा किया। उन्होंने अपहरण के तीन मामलों में बच्चों को सकुशल बरामद कराया और हत्या के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा जहरखुरानी गिरोह के एक शातिर सदस्य को पकड़ने में भी सफलता हासिल की।
मानव तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए उन्होंने 99 नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू कर चाइल्ड लाइन को सौंपा तथा 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में 34 किलोग्राम अवैध गांजा (करीब 6.75 लाख रुपये मूल्य) बरामद किया गया, जबकि अवैध शराब के 13 मामलों में 3.39 लाख रुपये से अधिक की शराब जब्त की गई।
यात्री सुरक्षा को मजबूत करते हुए चोरी के 66 मामलों का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और चोरी का सामान बरामद किया गया। साथ ही 17 अवैध टिकट दलालों और 872 अवैध वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1986 मामलों में रेलवे एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए, जिनमें न्यायालय के माध्यम से 16.83 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
इसके अलावा आरपीयूपी एक्ट के 20 मामलों में आरोपियों और रिसीवरों को गिरफ्तार कर रेलवे संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित की गई। रेलवे प्रशासन ने इन उल्लेखनीय उपलब्धियों को देखते हुए इंस्पेक्टर शिवकुमार सिंह को इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा है।


