अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

संचारी रोगों को निपटाएंगे हम, रैली निकाल स्वास्थ्य विभाग ने लिया संकल्प

प्रयागराज में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत, संयुक्त रैली से दिया स्वच्छता और जागरूकता का संदेश

प्रयागराज (आलोक गुप्ता).  जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से विशेष अभियान का शुभारंभ बुधवार को संयुक्त रैली के माध्यम से किया गया। प्रातः 10:30 बजे डॉ आशु पाण्डेय, संयुक्त निदेशक (चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण), प्रयागराज मंडल ने नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा, जबकि ‘दस्तक अभियान’ 10 से 30 अप्रैल तक चलाया जाएगा।

इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग को नोडल बनाया गया है, जबकि नगर निगम, पंचायती राज, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, उद्यान, कृषि एवं सिंचाई तथा सूचना विभाग को समन्वय के साथ जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन सभी विभागों द्वारा साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, जलभराव रोकने, फॉगिंग और जनजागरूकता जैसे कार्य व्यापक स्तर पर किए जाएंगे। डॉ आशु पाण्डेय ने अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभागों को शुभकामनाएं देते हुए जनसहभागिता पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक विनोद कुमार सिंह ने किया। इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी ए के सिंह ने पिछले पांच वर्षों में डेंगू, चिकनगुनिया और अन्य संचारी रोगों पर नियंत्रण के प्रयासों की जानकारी दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ ए के तिवारी ने स्वास्थ्य विभाग की भूमिका स्पष्ट करते हुए ग्रामीण और शहरी अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में समन्वित कार्रवाई, सोर्स रिडक्शन और दस्तक अभियान के तहत बुखार, आईएलआई केस, टीबी लक्षणयुक्त मरीजों और कुपोषित बच्चों की पहचान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रवीन्द्र सिंह, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ अंशू वैश्य तथा डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ आलोक कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने हीट वेव से बचाव, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुविधाओं की उपलब्धता और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करने पर भी जोर दिया। अंत में संचारी रोग नियंत्रण से संबंधित शपथ दिलाई गई और मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button