अवधउत्तर प्रदेश समाचारराज्य

प्रतापगढ़ः संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत, निकाली जागरूकता रैली

प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से एक माह तक चलने वाले विशेष अभियान की शुरुआत बुधवार को जनजागरूकता रैली के साथ हुई। एक से 30 अप्रैल तक संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 से 30 अप्रैल तक चलने वाले ‘दस्तक अभियान’ का शुभारंभ स्वास्थ्य विभाग की पहल पर किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ ए एन प्रसाद ने उपस्थित लोगों को संचारी रोगों के खिलाफ सक्रिय भागीदारी की शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखें, जलभराव न होने दें और बुखार जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं।

इसके बाद सीएमओ ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। ढोल-ताशों और लाउडस्पीकर के साथ निकली रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई घंटाघर चौक तक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने ‘प्रतापगढ़ ने ठाना है, संचारी रोग मिटाना है’, ‘कचरा कचरेदानी में, सोएं मच्छरदानी में’, ‘जीवन को नव मोड़ दो, गंदगी करना छोड़ दो’ और ‘हर रविवार मच्छर पर वार’ जैसे नारों के जरिए लोगों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।

स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर विकास, पंचायतीराज, शिक्षा, आईसीडीएस और उद्यान विभाग भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। विभिन्न विभाग मिलकर गांव-गांव और वार्ड स्तर पर सफाई, जल निकासी और जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करेंगे, ताकि संचारी रोगों के प्रसार को रोका जा सके।

‘दस्तक अभियान’ के तहत आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी। साथ ही, संभावित रोगियों की पहचान कर उनकी जानकारी ई-कवच पोर्टल पर दर्ज की जाएगी और जरूरतमंदों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, आशा और एएनएम कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button