समाजहित में संतुलित और तथ्यपरक पत्रकारिता को प्राथमिकता दें : डा. केएन ओझा

कुंडा में इंडियन प्रेस काउंसिल का शपथ ग्रहण समारोह, पत्रकार भवन निर्माण का आश्वासन
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा ब्लॉक सभागार में रविवार को इंडियन प्रेस काउंसिल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह व्यापक सहभागिता के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में पत्रकारों की मौजूदगी रही, जिससे आयोजन को विशेष महत्व मिला।
मुख्य अतिथि जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय महासचिव एवं जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष डॉ. केएन ओझा ने पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी विश्वसनीयता निष्पक्षता व निर्भीकता पर आधारित होती है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे समाजहित में संतुलित और तथ्यपरक पत्रकारिता को प्राथमिकता दें।
विशिष्ट अतिथि विधायक विनोद सरोज ने मीडिया को समाज का आईना बताते हुए कहा कि पत्रकारों की भूमिका सत्य को निर्भीकता से सामने लाने की है। वहीं एसडीएम वाचस्पति सिंह ने प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय को विकास की गति बढ़ाने के लिए आवश्यक बताया, जबकि तहसीलदार अलख शुक्ला ने जिम्मेदार पत्रकारिता पर जोर दिया।
समारोह में जिलाध्यक्ष लोकेश मिश्रा के नेतृत्व में कई पदाधिकारियों—संदीप यादव, शहबाज खान, संतोष गुप्ता (सोनू), प्रदीप विश्वकर्मा, तहसील इकाई अध्यक्ष संदीप साहू, महामंत्री राहुल यादव, कोषाध्यक्ष अमित पटेल, उपाध्यक्ष अजय मिश्रा, प्रमोद आजाद, मीडिया प्रभारी अर्जुन धनगर सहित अनेक सदस्यों को शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख संतोष सिंह, इंस्पेक्टर मनोज पांडेय, समाजसेवी राजेश प्रभाकर सिंह, सत्येंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य विनोद पटेल, विजय पांडेय, श्यामलाल विश्वकर्मा समेत कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर पत्रकारों ने कुंडा में पत्रकार भवन के निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई, जिस पर मौजूद जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिया।
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय संरक्षक संजय जायसवाल, राष्ट्रीय संयोजक वीसी मिश्रा, राष्ट्रीय संगठन मंत्री आनंद शुक्ला व अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का माल्यार्पण व सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन जिला संरक्षक अजय मिश्रा ने किया और अंत में आयोजकों ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।


