कमांडर ने परखी मातहतों की चुस्ती-फुर्ती, साप्ताहिक परेड में किया निरीक्षण

भदोही (संजय सिंह). पुलिस व्यवस्था की चुस्ती और अनुशासन को परखने के लिए भदोही पुलिस लाइन ज्ञानपुर में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड महज औपचारिकता नहीं, बल्कि समग्र मूल्यांकन का मंच बन गई।
अभिनव त्यागी ने परेड ग्राउंड पहुंचकर सलामी ली और इसके बाद पुलिस बल की कार्यकुशलता, अनुशासन और समन्वय की बारीकी से जांच की। परेड के दौरान टोलीवार ड्रिल कराई गई, जिसमें एकरूपता बनाए रखने और प्रदर्शन को और सटीक बनाने के निर्देश दिए गए।
जवानों की शारीरिक क्षमता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दौड़ भी आयोजित की गई। साथ ही प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट परेड के रिहर्सल का निरीक्षण करते हुए उनकी मार्चिंग, तालमेल और अनुशासन का मूल्यांकन किया गया तथा कमियों को सुधारने के लिए प्रशिक्षकों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

परेड के उपरांत एसपी ने अर्दली रूम में महत्वपूर्ण रजिस्टरों और अभिलेखों का गहन अवलोकन किया तथा उन्हें अद्यतन और सुव्यवस्थित रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान UP-112 की गाड़ियों समेत अन्य राजकीय वाहनों का सघन परीक्षण किया गया, जिसमें उपकरणों की कार्यक्षमता, वाहनों की स्थिति और साफ-सफाई को परखा गया। स्वान दल का भी निरीक्षण करते हुए उसकी तैयारियों की समीक्षा की गई।
संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि संसाधनों के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं चुस्त-दुरुस्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।


