अवधउत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरराज्य

गर्मी ने दिखाए तेवरः ‘सार्वजनिक स्थलों पर हो पर्याप्त प्याऊ का इंतजाम’

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). भीषण गर्मी और हीट वेव के बढ़ते खतरे के बीच जिला प्रशासन ने जनस्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। अपर जिलाधिकारी (नगर) सत्यम मिश्र ने सभी संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक स्थलों पर शीतल पेयजल, वाटर कूलर और चिकित्सीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग के हीट वेव अलर्ट के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है, ताकि तापमान में लगातार हो रही वृद्धि से जनहानि की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।

निर्देशों के तहत बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख बाजार, चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में प्याऊ स्थापित करने के साथ जल टैंकर और वाटर कूलर लगाने को कहा गया है। नगर निकायों को पेयजल की शुद्धता, नियमित आपूर्ति और जल स्रोतों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में दर्जनों प्रमुख बिंदुओं की पहचान कर वहां त्वरित व्यवस्थाएं शुरू की जा रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग को सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में हीट वेव प्रभावित मरीजों के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। ओआरएस, ग्लूकोज, जरूरी दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता, इमरजेंसी वार्ड में बेड आरक्षित रखने तथा 108/102 एम्बुलेंस सेवाओं को अलर्ट मोड में संचालित करने को कहा गया है। स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित करते हुए त्वरित उपचार पर जोर दिया गया है।

प्रशासन ने जनजागरूकता को भी प्राथमिकता देते हुए माइकिंग, पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। नागरिकों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा समाजसेवी संस्थाओं को भी अभियान से जोड़ते हुए प्रमुख स्थानों पर शर्बत, छाछ व पेयजल वितरण तथा राहगीरों व श्रमिकों के लिए छाया और विश्राम स्थल बनाने को कहा गया है। अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और प्रतिदिन रिपोर्ट आपदा अनुभाग को भेजने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया है कि लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button