करछना विधायक पीयूष रंजन के काफिले को ट्रक ने मारी टक्कर, सभी सुरक्षित

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद में करछना विधानसभा क्षेत्र से विधायक पीयूष रंजन निषाद के काफिले को सोमवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसा नैनी क्षेत्र में पुराने यमुना पुल के पास बढ़ा कट के समीप हुआ। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में विधायक सहित काफिले में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे और कोई जनहानि नहीं हुई।
सहायक पुलिस आयुक्त (करछना) सुनील कुमार सिंह के अनुसार, विधायक पीयूष रंजन निषाद नैनी से शहर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका काफिला पुराने यमुना पुल के निकट पहुंचा, पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने काफिले के एक वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाल लिया।
हादसे के तुरंत बाद विधायक अपने वाहन से बाहर निकल आए। उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी और अन्य लोग भी सुरक्षित बाहर आ गए। घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही नैनी पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और मंगलवार को चालक की पहचान कर उसे पकड़ लिया।
एसीपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक और चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है, जिसमें तेज रफ्तार और लापरवाही प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।


