विश्वभर में मनाया जा रहा क्रिसमस का त्योहार, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली (the live ink desk). 25 दिसंबर को दुनियाभर में इसाइयों का प्रमुख त्योहार क्रिसमस (Christmas) बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मौके पर दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों ने क्रिसमस की बधाई दी है। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी क्रिसमस की बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा है- मैरी क्रिसमस, यह विशेष दिन हमारे समाज में सद्भाव और आनंद की भावना को आगे बढ़ाए। हम प्रभु ईसा मसीह के नेक विचारों और समाज की सेवा को याद करते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने लिखा- आइए हम ईसा मसीह के दिए दया और भाईचारे के संदेश को याद करें। हम खुशियां और सकारात्मकता फैलाएं और अन्य प्राणियों व पर्यावरण के प्रति दया की भावना रखें। क्रिसमस के मौके पर देश-विदेश के सभी चर्च, प्रमुख ऐतिहासिक इमारतों को रंगबिरंगी रोशनी से सजाया गया है। एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई (Merry Christmas) देने का सिलसिला चल रहा है।
यह भी पढ़ेंः आईपीएल 2023: नीलामी में सबसे महंगे 18.5 करोड़ में बिके इंग्लैंड के क्रिकेटर सैम करेन
यह भी पढ़ेंः रेल की पटरी पर फना हो गया अधपका प्रेमः प्रेमी संग ट्रेन के सामने लगाई छलांग
यह भी पढ़ेंः अमेरिकाः भारतीय अमेरिकी रिचर्ड आर वर्मा का नाम शीर्ष राजनयिक पद के लिए नामित

इसी कड़ी में विश्वभर के नेताओं ने क्रिसमस की बधाइयां दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा- वह और उनकी पत्नी जिल उम्मीद करते हैं कि सभी लोग अपने परिवार और दोस्तों के साथ छुट्टियों में वक्त बिता सकें। राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा जो भी अपने परिजनों से दूर हैं, उनके लिए हमारे दिल में खास जगह है। हमारे परिवार से लेकर आपके परिवार तक, हम आपको शांतिपूर्ण क्रिसमस की बधाई देते हैं।
धर्मगुरु पोप फ्रांसिस ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि -आज रात भगवान आपके पास होंगे, क्योंकि आप उनके लिए खास हैं। वह कहते हैं कि आपको अगर न्याय की भूख है तो मैं आपके साथ हूं। पोप फ्रांसिस ने लिखा- जीसस हमें सच्चाई का सम्मान करने और अपनी सारी बहानेबाजी दिखावा को छोड़ देने के लिए कहते हैं।

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अलबेनीज ने सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए खास तौर पर उन लोगों का शुक्रिया अदा किया जो इस त्योहार पर भी काम कर रहे हैं। वहीं इसी सिलसिले में कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने क्रिसमस की बधाई देते हुए खुशी, सेहत, प्यार और शांति का संदेश दिया। ट्रूडो ने इस मौके पर देश की सुरक्षा करने के लिए कनाडा की सेना का आभार जताया। क्रिसमस के मौके पर दुनिया भर से संदेशों और बधाइयों का सिलसिला चल रहा है। बता दें कि पूरी दुनिया में मौजूदा समय में आठ अरब की आबादी है, जिसमें सबसे ज्यादा आबादी इसाइयों की है। पूरी दुनिया में ढाई सौ करोड़ से ज्यादा इसाई हैं।




