लोकतंत्र का सबसे बड़ा त्योहार है चुनाव, प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैदः गौरांग राठी
जिला निर्वाचन अधिकारी, एसपी डा.अनिल कुमार ने नगरीय क्षेत्रों में किया भ्रमण
भदोही (कृष्ण कुमार द्विवेदी). जनपद में नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भदोही में दूसरे चरण में मतदान (11 मई को) होगा। रविवार की शाम राज्य निर्वाचन आयोग के द्वारा चुनाव की घोषणा किए जाने के बाद से ही जिला प्रशासन सक्रिय हो उठा।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने कहा, चुनाव लोकतंत्र का सबसे पा त्योहार होता है। इसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। सभी लोग इस त्योहार में सहभागी बनें और स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निकाय चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। जनपद की दो नगर पालिका और पांच नगर पंचायतों में चुनाव को लेकर आवश्यक तैयारी शुरू कर दी गई है। नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों को बखूबी पालन किया जाएगा। आदर्श आचार संहिता का अनुपालन कराने केलिए पूरे जनपद में बैनर-पोस्टर हटवाए जा रहे हैं।

डीएम, एसपी ने भदोही में किया पैदल भ्रमणः दूसरी तरफ नगरीय निकाय निर्वाचन- 2023 को निष्पक्ष, पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी व पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार, एडीएम, एएसपी व जनपद के सभी उपजिलाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण किया। डीएम ने नगर पालिका परिषद भदोही के अजीमुल्ला चौराहे से धौरहरा, नई बाजार रोड सहित अन्य क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया।
एडीएम, एएसपी व ईओ की अगुवाई में नगर पालिका गोपीगंज के विभिन्न कस्बों में भ्रमण कर आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में पोस्टर, बैनर व प्रचार सामग्री हटवाई गई।


