डीआईजी ने करवाया शस्त्र अभ्यास, चौकीदारों को टार्च और साफा दे बढ़ाया हौसला
डीआईजी विंध्याचल ने पुलिस लाइन व कोइरौना थाने का किया वार्षिक निरीक्षण
भदोही (संजय मिश्र). डीआईजी विंध्याचल आरपी सिंह ने गुरुवार को पुलिस लाइन और कोइरौना थाने का वार्षिक मुआयना किया। मुआयने के दौरान दौरान उन्होंने मेस, स्टोर रूम, शस्त्रागार, साफ-सफाई, क्वार्टर गार्द, बैरक व आवास का मुआयना किया। पुलिस लाइन में व्यवस्था ठीक नहीं मिलने पर प्रतिसार निरीक्षक को हिदायत दी। कोइरौना थाने में भी मुआयने के दौरान थाने में खड़े वाहनों का नियमानुसार निस्तारण कराने का निर्देश देते हुए क्षेत्रीय चौकीदारों को टार्च व साफा प्रदान कर उत्साहित किया।
दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण के क्रम में डीआईजी आरपी सिंह ने निरीक्षण के दौरान जवानों से शस्त्र हैंडलिंग व रखरखाव की जानकारी ली। पीआरवी वाहनों का निरीक्षण कर क्राइम प्रोटेक्शन किट, मेडिकल किट, दंगा निरोधक उपकरण एवं हूटर/फ्लैशर लाइट को चेक किया। अग्निशमन दल के वाहनों को चेक करते हुए डॉग स्क्वायड, डॉग हैंडलर की जानकारी ली।
डीआईजी ने पुलिस लाइन में स्थित प्रतिसार निरीक्षक कार्यालय, कैश कार्यालय, शस्त्रागार, गार्द रूम, वर्दी स्टोर, मेस, मनोरंजन कक्ष, उपयोगी एवं अनुपयोगी संपत्ति का निरीक्षण, परिवहन शाखा, परिवहन शाखा गैरेज, जवानों के बैरिक, शौचालय, स्नानागार, आरओ वाटर, डायल 112, पुलिस लाइन परिसर, गणना कार्यालय व जीडी कार्यालय का निरीक्षण किया।

कैश कार्यालय में वेतन प्रपत्रों व अन्य पत्रवालियों के सही रखरखाव व अद्यतन करने का निर्देश दिया गया। स्टोर रुम में सामानों के बेहतर रखरखाव की हिदायत दी। पुलिस लाइन के भोजनालय में प्रबंधक द्वारा उच्च कोटि का भोजन उपलब्ध कराने पर सराहना की। मेस प्रबंधक व एचसीएमटी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित करने का निर्देश दिया। बैरक व आवास की साफ-सफाई ठीक नहीं मिलने पर प्रतिसार निरीक्षक को सख्त चेतावनी दी।
इसके बाद थाना कोइरौना में थाना कार्यालय, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, थाना परिसर, बैरक, मेस, शौचालय आदि का भ्रमण किया। अभिलेखों के रखरखाव की जानकारी ली और उपनिरीक्षकों से शस्त्र अभ्यास करवाया। एंटी राइड गन के संबंध में पूछताछ की, साथ ही थाने में खड़े वाहनों के निस्तारण का निर्देश दिया। वार्षिक निरीक्षण के दौरान एसपी डा. अनिल कुमार समेत सभी अधिकारी मौजूद रहे।




