जलेसरगंजः कोहरे और ठंड का फायदा उठा चोरों ने पार किया ट्रांसफार्मर

जलेसरगंज बाजार में ट्रांसफार्मर चोरी से हड़कंप, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल। चालू लाइन पर बेखौफ चोरों ने वारदात को दिया अंजाम, सुबह हुई लोगों को जानकारी
प्रतापगढ़ (हरिश्चंद्र यादव). जलेसर गंज बाजार में चोरों ने बेखौफ होकर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। ठंडी रात का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोरों ने बाजार में लगे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर को काट डाला और उसके भीतर से कीमती सामान समेट ले गए। चोरी के बाद ट्रांसफार्मर का खाली बॉक्स मौके पर फेंक दिया गया, जिससे सुबह होते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
स्थानीय लोगों को जब सुबह इस घटना की जानकारी हुई तो हर कोई हैरान रह गया। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जिस समय चोरी हुई, उस दौरान बिजली सप्लाई चालू थी—फिर भी इतनी बड़ी वारदात कैसे हो गई? बताया जा रहा है कि चोरों ने एक-दो घंटे तक मौके पर तोड़फोड़ की, लेकिन न तो किसी को भनक लगी और न ही पुलिस का कोई डर नजर आया।
इस घटना ने बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, इन दिनों ट्रांसफार्मर और बिजली उपकरणों की चोरी का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे विभाग को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में धारूपुर पावर हाउस से रामपुर पावर हाउस को जोड़ने वाली 33 केवी लाइन के तार भी चोर कई खंभों से उखाड़ ले गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से आम जनता के साथ-साथ विभागीय अधिकारी भी चिंतित हैं और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग जोर पकड़ रही है।
