ताज़ा खबरभारत

AI-171 विमान हादसा: अभी जांच जारी है, मीडिया की अटकलों से बचें

नई दिल्ली. एयर इंडिया की उड़ान AI-171 से जुड़े विमान हादसे को लेकर फैली खबरों पर विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि दुर्घटना की जांच अभी अंतिम चरण में नहीं पहुंची है और जांच पूरी होने से संबंधित मीडिया में चल रही सूचनाएं भ्रामक व अटकलों पर आधारित हैं।

एएआईबी ने दो टूक शब्दों में कहा कि इस गंभीर विमान हादसे की जांच अब भी जारी है और फिलहाल किसी भी प्रकार का अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। जांच से जुड़े तथ्यों का गहन तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है, जिसमें समय लगना स्वाभाविक है।

अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो रही है जांच

ब्यूरो ने बताया कि AI-171 दुर्घटना की जांच एयरक्राफ्ट (दुर्घटना और घटनाओं की जांच) नियमावली, 2025 के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के अनुलग्नक-13 के तहत भारत की जिम्मेदारियों के अनुरूप सख्ती से की जा रही है।

एएआईबी के अनुसार, विमान दुर्घटना जांच कोई साधारण प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि तकनीकी, साक्ष्य-आधारित और वैज्ञानिक प्रक्रिया होती है, जिसका मुख्य उद्देश्य दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पहचान करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा मानकों को मजबूत करना होता है।

प्रारंभिक रिपोर्ट तत्कालिलक तथ्यों पर आधारित

एएआईबी ने यह भी स्पष्ट किया कि पहले जारी की गई प्रारंभिक रिपोर्ट उस समय उपलब्ध सीमित और पुष्ट जानकारियों पर आधारित थी। इसका उद्देश्य केवल प्रारंभिक तथ्य सामने रखना था, न कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचना।

जांच पूरी होने पर जारी होगी अंतिम रिपोर्ट

ब्यूरो ने कहा कि जांच प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद तय अंतरराष्ट्रीय नियमों और प्रक्रियाओं के तहत अंतिम जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी। इस रिपोर्ट में दुर्घटना से जुड़े निष्कर्षों के साथ-साथ विमानन सुरक्षा से संबंधित ठोस सुझाव भी शामिल होंगे।

जांच तक मीडिया से संयम बरतने की अपील

एएआईबी ने मीडिया संगठनों से अपील की है कि वे बिना सत्यापन के खबरें प्रकाशित करने से बचें और समय से पहले निष्कर्ष निकालने वाली रिपोर्टिंग न करें। ब्यूरो के अनुसार, इस तरह की अटकलें न केवल आम जनता में अनावश्यक भय और भ्रम पैदा करती हैं, बल्कि पेशेवर जांच प्रक्रिया की विश्वसनीयता को भी प्रभावित करती हैं।

पारदर्शिता और विमानन सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता

अंत में एएआईबी ने दोहराया कि वह पारदर्शिता, निष्पक्ष प्रक्रिया और विमानन सुरक्षा के उच्चतम मानकों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जांच से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी समय आने पर सार्वजनिक की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button