चकडीहा लूटकांड का खुलासा: एक गिरफ्तार, लूटी गई रिवॉल्वर बरामद

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). प्रयागराज के माण्डा थाना क्षेत्र में 24 फरवरी 2026 को चकडीहा पंचायत भवन के समीप हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई लाइसेंसी रिवॉल्वर, एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित गौतम पुत्र फूलचन्द्र निवासी कटरा कोड़हार, थाना नवाबगंज के रूप में हुई है। उसे हाटा–गिरधरपुर मार्ग स्थित जंगल क्षेत्र, थाना माण्डा से पकड़ा गया। कार्रवाई डीसीपी यमुनानगर जोन विवेक चंद्र यादव के निर्देशन में एसओजी/सर्विलांस सेल (जनपदीय व यमुनानगर जोन) तथा थाना माण्डा की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
24 फरवरू को हुई घटना का विवरण
वादी रंजीत कुमार सोनी निवासी नई बाजार, भारतगंज (थाना माण्डा) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 24 फरवरी की शाम बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनके भाई प्रदीप कुमार सोनी पर असलहे की बट से हमला कर उन्हें गिरा दिया। मारपीट के बाद बदमाश उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर और दुकान व लॉकर की चाबियों का थैला लूटकर फरार हो गए।
प्रारंभिक सूचना में सोना, चांदी और नकदी लूटे जाने का भी उल्लेख किया गया था, किंतु बाद में जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि उक्त आभूषण व नकदी दुकान में ही सुरक्षित मिले। आरोपियों द्वारा केवल रिवॉल्वर और चाबियां छीनी गई थीं। इस संबंध में थाना माण्डा में मु0अ0सं0-41/2026 धारा 309(6)/351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोपियों की योजना और गिरफ्तारी
पूछताछ में आरोपी अंकित गौतम ने बताया कि उसने अपने साथियों अंशू दुबे और छैला बाबू सरोज के साथ बाजार में रेकी की थी। सर्राफा व्यवसायी प्रदीप कुमार सोनी के दुकान बंद कर लौटने का इंतजार किया गया। सुनसान स्थान पर मोटरसाइकिल आगे लगाकर उन्हें गिराया गया और मारपीट कर रिवॉल्वर व चाबियां छीन ली गईं।
आरोपी ने बताया कि रिवॉल्वर उसके पास थी, जबकि अन्य सामान उसके साथी ले गए। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक अंकित गौतम के विरुद्ध नवाबगंज, फाफामऊ और हंडिया थानों में पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।


