सोनू की मौत के बाद सड़क पर दिखा रोष, शिवराजपुर मार्ग पर लगाया जाम

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). कातिलाना हमले में घायल सोनू वर्मा (35) की मौत के बाद शंकरगढ़ में लोगों का रोष सड़क पर पहुंच गया। दोपहर बाद जैसे शव सोनू वर्मा का शव शंकरगढ़ के हिनौती पांडेय पहुंचा, आक्रोशित लोगों का हुजूम सड़क पर जमा हो गया। नाराज लोगों ने राजा कमलाकर इंटर कालेज, शंकरगढ़ के पास शिवराजपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। डीसीपी यमुनानगर ने बताया कि शंकरगढ़ पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज कर लिया है। आरोपी पुलिस हिरासत में है। आगे की कार्यवाही की जा रही है।
सोनू की मौत से पत्नी सावित्री देवी (32) का रो-रोकर बुरा हाल है। सोनू वर्मा को तीन बेटियां दामिनी (13), राशि (10) और गोपी (6) हैं। सोनू की मौत से तीन बेटियों के सिर से पिता का साया छिन गया है। बेटे की मौत से परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शिवराजपुर मार्ग पर शव रखकर जाम लगाए जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस फोर्स के साथ एसीपी वेदव्यास मिश्र भी पहुंच गए, नाराज लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। नाराज लोग पुलिस के सामने अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहे।
स्थानीय लोगों ने मृतक के परिजनों के लिए जमीन, पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता और बेटियों के लिए शिक्षा की व्यवस्था किए जाने की मांग की है। फिलहाल, समाचार प्रेषण तक स्थिति जस की तस बनी रही।
गौरतलब है कि सोनू वर्मा पर यह हमला शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के हिनौती पांडेय गांव में चार दिन पहले हुआ था। गंभीर रूप से जख्मी सोनू को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चार दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 35 वर्षीय सोनू वर्मा की गुरुवार को मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को सोनू वर्मा पर गांव के ही एक युवक ने पीछे से बांस के डंडे से हमला किया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी का व्यवहार पहले से ही संदिग्ध रहा है। पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

