रूपम मिश्रा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बहुजन नागरिकों का प्रदर्शन

भारत रत्न डा. भीमराव अंबेडकर और महिलाओं पर कथित टिप्पणी का मामला
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर और भारतीय महिलाओं पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में अधिवक्ताओं तथा बहुजन प्रबुद्ध नागरिकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपित रूपम मिश्रा की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जन संस्कृति मंच की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रूपम मिश्रा द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी अत्यंत आपत्तिजनक है। इस मामले को लेकर 31 मार्च 2026 को अधिवक्ताओं और नागरिकों ने कर्नलगंज थाने का घेराव किया था और एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। उस समय पुलिस ने अधिवक्ता मदन पासवान से प्रार्थनापत्र लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

बताया गया कि एक अप्रैल को दोबारा बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अब तक न तो विवेचना में तेजी दिखाई गई है और न ही आरोपित की गिरफ्तारी हुई है, जिससे आक्रोश और बढ़ गया है।
जिलाधिकारी कार्यालय पर आयोजित प्रदर्शन में वक्ताओं ने सवाल उठाया कि जब मुकदमा दर्ज हो चुका है तो पुलिस कार्रवाई में देरी क्यों कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सख्त धाराओं में गिरफ्तारी होनी चाहिए। साथ ही वामपंथी संगठनों, विशेषकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) और उससे जुड़े मंचों से भी इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख अपनाने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की और कहा कि आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई से ही कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बना रह सकता है।
इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व इलाहाबाद जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष विनोद चंद्र दुबे, वरिष्ठ अधिवक्ता सुखदेव, धीरेंद्र यादव, बीके बघाड़िया, त्रिभुवन सिंह पटेल, प्रमोद भारतीया, विशाल चौधरी, कुमार शिधार्थ, कमला प्रसाद, जितेंद्र यादव, सुशील यादव, अमन चंद्रा, विकास गौतम, भास्कर पासवान, शिवराम, आर.पी. कुशवाहा, विजय यादव, नीरज कुशवाहा (जिला अध्यक्ष ओबीसी), मोहम्मद ताहिर, सुयोग्य सिंह पासी सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।
इसके अलावा इंडियन रेलवे इम्प्लाइज फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज पांडेय, शिवेंद्र प्रताप सिंह, पी.एन. सिंह, दीपक कुमार तथा बहुजन प्रबुद्ध नागरिकों में एस.आर. मौर्य, ननकू राम धुरिया, राजधारी यादव, बसंत लाल यादव, अतुलेंद्र विद्यार्थी, अनंतराम धुरिया, डॉ. प्रकाश और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. कमल उसरी सहित अन्य लोग भी प्रदर्शन में शामिल रहे।
