पत्रकार के घर पहुंचे बारा विधायक, अग्रज के निधन पर जताई संवेदना

73 वर्ष की उम्र में रमेश प्रसाद द्विवेदी का निधन, शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का लगा तांता
प्रयागराज (आलोक गुप्ता). शंकरगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत बेनीपुर में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब वरिष्ठ पत्रकार राजदेव द्विवेदी के बड़े भाई रमेश प्रसाद द्विवेदी (73 वर्ष) का 25 अप्रैल 2026 (शनिवार) को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा दुःख व्याप्त है।
मिलनसार व्यक्तित्व और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए पहचाने जाने वाले रमेश प्रसाद द्विवेदी अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। स्थानीय स्तर पर उनकी पहचान एक सजग और समाजसेवी नागरिक के रूप में रही।
जनप्रतिनिधियों ने घर पहुंचकर बंधाया ढांढस
शुक्रवार को शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और प्रबुद्धजन बेनीपुर स्थित आवास पहुंचे। डॉ. वाचस्पति (बारा विधायक) ने परिवार से मिलकर गहरा दुःख व्यक्त किया और कहा कि इस कठिन समय में पूरा क्षेत्र शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है।
सावित्री हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. विनोद कुमार त्रिपाठी ने इसे समाज के लिए “अपूरणीय क्षति” बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान ग्राम प्रधान ज्ञानेंद्र मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि श्यामू निषाद, अखिलेश सिंह पटेल, आशुतोष त्रिपाठी, राजू दुबे, इं. रामजतन बंसल, लालमणि पांडे, अखिलेश पांडे, सुल्ली पांडे, विपिन मिश्रा और रमाशंकर द्विवेदी ने भी परिवार से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

दो मिनट का मौन रख ईश्वर से की प्रार्थना
सभी उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और परिजनों को धैर्य रखने की बात कही। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करे।
परिजनों के अनुसार, रमेश प्रसाद द्विवेदी का अंतिम संस्कार 25 अप्रैल को स्थानीय श्मशान घाट पर पूरे विधि-विधान से संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक की इस घड़ी में साथ देने पहुंचे सभी जनप्रतिनिधियों, पत्रकार साथियों और शुभचिंतकों के प्रति राजदेव द्विवेदी व उनके परिवार ने आभार जताया।

