रीता बहुगुणा जोशी के पति पीसी जोशी का निधन, दारागंज घाट पर दी जाएगी मुखाग्नि

प्रयागराज (आलोक गुप्ता). शहर समेत पूरे प्रदेश में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब प्रयागराज की पूर्व सांसद प्रोफेसर डॉ. रीता बहुगुणा जोशी के पति पीसी जोशी के आकस्मिक निधन की खबर सामने आई। उनका निधन चार मई को प्रातः करीब 7 बजे लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में हुआ।
सोमवार को देर शाम उनका पार्थिव शरीर प्रयागराज लाया गया, जहां उनके निज आवास 20, मिंटो रोड, राजापुर पर शोक व्यक्त करने वालों का भारी जमावड़ा लग गया। राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।


परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय पीसी जोशी की अंतिम यात्रा कल (पांच मई) अपराह्न दो बजे उनके आवास से दारागंज घाट के लिए प्रस्थान करेगी, जहां अपराह्न तीन बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मंत्री नंदी समेत विधायकों ने जताई संवेदना
स्व. पीसी जोशी का प्रयागराज समेत यमुनापार क्षेत्र से विशेष लगाव रहा। जसरा, बारा, लालापुर, लोहगरा, शंकरगढ़, नारीबारी सहित कई इलाकों के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पीसी जोशी के निधन पर मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, मेयर गणेश केसरवानी, विधायक दीपक पटेल, विधायक डॉ. वाचस्पति, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी के अलावा शंकरगढ़ (यमुनापार) में उनके पुराने साथियों एवं शुभचिंतकों में वरिष्ठ समाजसेवी रामखेलावन गुप्ता, सुधा गुप्ता, कुलदीप पाठक, भाजपा के पूर्व यमुनापार जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष संतोष त्रिपाठी, सूर्य निधान पांडेय, आनंद जायसवाल, राजेश केसरवानी, अनूप केशरवानी, विपिन केसरवानी, दीपक केसरवानी, रामजतन बंसल समेत अनेक लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

