ताज़ा खबरलोकसभा चुनाव 2024

81 मतगणना केंद्रों पर खुलेगी 80 सांसदों की किस्मत, नौ बजे से आने लगेगा रुझान

हीटवेव व भीषण गर्मी से बचाव के लिए मतगणना केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश

लखनऊ. लोकसभा चुनाव में जिस समय का सभी बेसब्री से इंतजार रहता है, वह करीब आ चुका है। चार जून को सुबह नौ बजे के बाद से रुझान आने लगेंगे। उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों के लिए कुल 81 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं।

सीईओ नवदीप रिणवा ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2024 की मतगणना चार जून को सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी। मतगणना के लिए 75 जनपदों में 81 मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। आगरा, मेरठ, आजमगढ, देवरिया, सीतापुर, कुशीनगर जनपद की मतगणना दो-दो केंद्रों पर होगी, जबकि आठ लोकसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती तीन जनपदों में, 37 लोकसभा क्षेत्रों की गिनती दो और 35 लोकसभा सीटों की गिनती एक जनपद में होगी।

रविवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि पोस्टल बैलेट की मतगणना आरओ मुख्यालय के मतगणना स्थल में होगी। विधानसभावार गिनती के लिए अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं। गिनती पूरी होने के बाद संबंधित लोकसभा के सभी विधानसभाओं में मिले मतों को जोड़कर अंतिम परिणाम घोषित किया जाएगा। गाजियाबाद के विधानसभा साहिबाबाद में सर्वाधिक पोलिंग बूथ 1127 होने के कारण यहां की गिनती 41 राउंड में संपन्न होगी।

यहां मिलेगी मतगणना की जानकारी

प्रत्येक मतगणना हॉल में एक ब्लैक बोर्ड/व्हाइट बोर्ड की व्यवस्था की गई है, जिसमें प्रत्याशियों के नाम व राउंडवार परिणाम लिखा जाएगा ताकि सभी मतगणना एजेंट उसे देख सकें। मीडिया कर्मी एवं आमजन results.eci.gov.in पर जाकर मतगणना के रूझान एवं परिणाम जान सकते हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र एवं लोकसभा क्षेत्र में सार्वजनिक उद्बोधन प्रणाली (Public Address System) की भी व्यवस्था की गई है। गिनती के लिए आयोग द्वारा 179 प्रेक्षक तैनात किए गए हैं। 15 प्रेक्षक को एक-एक विधानसभा क्षेत्र, 104 प्रेक्षक को दो-दो विधानसभा क्षेत्र और 60 को तीन-तीन विधानसभा क्षेत्र आवंटित किया गया है। इसके अलावा 80 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना के लिए 80 रिटर्निंग आफिसर और 1581 सहायक रिटर्निंग आफिसर लगाए गए हैं।

80 लोकसभा सीटों पर हैं 851 प्रत्याशी

लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर 851 प्रत्याशी  चुनाव मैदान में हैं, जिसमें 771 पुरूष एवं 80 महिलाएं हैं। सबसे अधिक 28 प्रत्याशी घोसी लोकसभा क्षेत्र में और सबसे कम चार प्रत्याशी कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र में हैं। मतगणना सकुशल संपन्न कराने के लिए पर्याप्त मात्रा में केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती भी की गई है।  मतगणना स्थल की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। प्रथम स्तर की सुरक्षा मतगणना स्थल से 100 मीटर की परिधि पर होगी, जहां क्षेत्रीय पुलिस बल तैनात रहेगा। द्वितीय स्तर की सुरक्षा मतगणना स्थल के गेट पर होगी, जहां राज्य पुलिस बल तैनात रहेगी। तृतीय स्तर की सुरक्षा मतगणना हॉल के लिए होगी, जो कि सीएपीएफ की निगरानी में होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button