पूरी तरह से जांच-परखकर शिकायतों पर लगाएं आख्याः एडीएम
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों पर सभी विभाग गंभीरता से करें काम
भदोही (कृष्ण कुमार द्विवेदी). जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वीरेंद्र कुमार मौर्य की अध्यक्षता में गुरुवार को समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित आईजीआरएस की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री संदर्भ, जिलाधिकारी संदर्भ, ऑनलाइन संदर्भ, भारत सरकार पीजी पोर्टल संदर्भ, शासन/राजस्व परिषद निदेशालय संदर्भ, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, वरिष्ठ/पुलिस अधीक्षक, महिला हेल्प डेस्क, एंटी भू माफिया सहित कुल 32576 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिसके सापेक्ष 31742 संदर्भ विभिन्न विभागों द्वारा निस्तारित किए गए और 832 लंबित संदर्भ व दो डिफाल्टर संदर्भ के संबंध में अपर जिलाधिकारी द्वारा संबंधित को निर्देशित किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का निस्तारण ससमय किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन के मंशानुरूप जनसामान्य की शिकायतों का निराकरण शीर्ष प्राथमिकताओं के अनुरूप किए जाएं। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता एवं लापरवाही किसी भी दशा में बर्दास्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का संबंधित अधिकारी समयानुसार निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। बैठक में समस्त संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी गण मौजूद रहे।

