उत्तर प्रदेश समाचारताज़ा खबरपश्चिमांचलभारतराज्य

बर्फ की चादर में लिपटा उत्तराखंड, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अलर्ट, स्कूल बंद

The live ink desk. उत्तराखंड में लगातार हो रही बर्फबारी के चलते चारधाम समेत ऊँचे पर्वतीय क्षेत्र शीतलहर और हिमपात की गिरफ्त में हैं। मौसम की तल्खी बढ़ने के साथ ही राज्य में ठंड का प्रकोप तेज हो गया है। मौसम विभाग ने शनिवार को भी उच्च हिमालयी इलाकों में बर्फबारी और हिमस्खलन की आशंका जताते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

रक्षा भू-सूचना अनुसंधान संस्थान (डीजीआरई), चंडीगढ़ द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार शाम पांच बजे तक उत्तराखंड के अधिक ऊँचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात के साथ हिमस्खलन की संभावना बनी हुई है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों को डेंजर लेवल–3 श्रेणी में रखा गया है, जबकि बागेश्वर जिले को डेंजर लेवल–2 में शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की स्थिति में हिमस्खलन की घटनाएं घटित हो सकती हैं।

संभावित जोखिम को देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित जिलों के प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश जारी किए हैं। संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा गया है।

आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के सचिव विनोद कुमार सुमन ने पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय निवासियों, पर्यटकों और तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

इधर, मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य के अधिकांश जिलों में शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शनिवार को शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा।

Related Articles

Back to top button